पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने मुंगेली में वर्ष 2026-27 का बजट “संकल्प” थीम पर किया प्रेस वार्ता

अभय न्यूज मुंगेली,
राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 का बजट “संकल्प” थीम के साथ प्रस्तुत किया है। बजट में समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, रोजगार और कौशल विकास को प्रमुखता दी गई है। यह बजट विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। विष्णु देव साय की सरकार का इस वर्ष का बजट संकल्प थीम के साथ प्रस्तुत हुआ, शिक्षा-कृषि,पर्यटन,खेल, स्वास्थ्य और बस्तर-सरगुजा के विकास पर फोकस है। सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए पांच मुख्यमंत्री मिशन शुरू किए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन तथा मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शामिल हैं।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने रेस्ट हाउस मुंगेली में प्रेस वार्ता कर पत्रकारों के साथ विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि बजट में स्कूल शिक्षा के लिए सर्वाधिक 13.5 प्रतिशत प्रावधान किया गया है। वहीं बस्तर के अबुझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी बनाने की घोषणा की गई है। सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था भी बजट में शामिल है।
औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु 250 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। शहरी विकास के लिए मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना में 200 करोड़ रुपए और भूमि विकास बैंक योजना के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए 13,500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। धान खरीदी में 3100 रुपए प्रति क्विंटल के अंतर की राशि का भुगतान एकमुश्त करने की व्यवस्था भी जारी रहेगी।
बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के विकास के लिए खाद्य, कृषि और उससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु 100 करोड़ रुपए दिए गए हैं। साथ ही बकरी पालन, सूअर पालन और मधुमक्खी पालन जैसे आजीविका के साधनों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इंद्रावती नदी पर देवरगांव और भटनार बैराज निर्माण के लिए 2000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे बस्तर क्षेत्र में सिंचाई योजनाओं का विस्तार होगा।
माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बस्तर फाइटर में 1500 नई भर्तियां की जाएंगी। स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने के लिए होमस्टे योजना के लिए 10 करोड़ रुपए रखे गए हैं। इसके अलावा प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेजों का संचालन, हवाई सेवाओं का विस्तार, मुख्यमंत्री बस सेवा और बस्तर-सरगुजा ओलंपिक के लिए भी बजट प्रावधान किया गया है। भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए व्यापम की दक्षता बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है। युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना शुरू की जाएगी, वहीं लखपति दीदियों के भ्रमण के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। कुल मिलाकर यह बजट लड़कों 2047 तक विकसित प्रदेश बनाने के लिए आधार का कार्य करेगा।
इस प्रेस वार्ता में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष शैलेष पाठक, जिला महामंत्री कैलाश ठाकुर, गिरीश शुक्ला, सुनील पाठक, लोकनाथ सिंह अशोक निर्मलकर, मनु श्रीवास्तव, विजय यादव, रिंकू सिंह, शैलेंद्र यादव, राजेश्वर सिंह टंडन आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे । यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव द्वारा दिया गया।
