
अभय न्यूज मुंगेली,
जिला प्रशासन मुंगेली एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के संयुक्त सहयोग से रैम्प योजना के तहत ‘उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम’ का आयोजन जिला पंचायत के सभागार में किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग, महिला उद्यमी, नए उद्यमी, स्टार्टअप्स एवं युवा नवाचारकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला उद्योग केंद्र, जिला व्यापार एवं औद्योगिक संगठनों के साथ-साथ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, आईडीबीआई बैंक, प्रदेश ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न वित्तीय संस्थानों के बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों और बैंक अधिकारियों के बीच सीधा संवाद आयोजित हुआ, जिसमें उद्यमियों ने अपने व्यवसाय से जुड़े मुद्दों के समाधान, ऋण प्रक्रिया, उपलब्ध योजनाओं एवं विपणन सहायता पर प्रश्न पूछे। बैंक प्रतिनिधियों ने मौके पर ही समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया, साथ ही ऋण सहायता हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी। महाप्रबंधक किशोर प्रभात सिंह राजपूत ने बताया कि एमएसएमई सेक्टर को सशक्त बनाने एवं उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने हेतु इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, जिससे स्थानीय उद्योगों को विस्तार एवं रोजगार निर्माण के अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने आने वाले समय में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की घोषणा की और सभी बैंक एवं उद्योग प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जिले के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठन एवं स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।
