हरित विद्यालय अंतर्गत पीएमश्री आत्मानंद दाऊपारा में एक्सपर्ट टॉक एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

अभय न्यूज मुंगेली,
समग्र शिक्षा छ.ग. रायपुर, जिला कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक मुंगेली के निर्देशानुसार हरित विद्यालय के अंतर्गत आयोजित विशेषज्ञ वार्ता के लिए कृषि विज्ञान केंद्र मुंगेली के विषय वस्तु विशेषज्ञ (कृषि प्रसार) डॉ. नेहा लहरे का एक प्रभावी “एक्सपर्ट टॉक” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कौशल विकास तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रित अतिथि एवं शाला परिवार द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के स्वागत पश्चात किया गया। शाला प्राचार्य डॉ.आई.पी.यादव ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति मानव जाति के उत्तरदायित्व एवं कर्तव्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दिया। उन्होने कहा कि पर्यावरण से मनुष्य का स्वास्थ्य प्रभावित होता है। अतः इसके संरक्षण के प्रति सभी को सजग रहना चाहिए।
विशेषज्ञ वक्ता डॉ. लहरे ने उन्नत कृषि के तरीकों, रासायनिक खादों के दुष्प्रभाव, पर्यावरण प्रदूषण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से व्याख्यान दिये। उन्होंने स्थानीय पर्यावरण के अनुसार संरक्षण के उपाय करने पर बल दिया।
इस विषय पर विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कक्षा ग्यारहवीं की मानसी पात्रे ने प्रथम, वीरेंद्र साहू ने द्वितीय एवं समीर बंजारे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी हरिशंकर गुप्ता सहित व्याख्याता रंजीता केवट, दीपांजली सोनी लिपिक बंशीलाल कुम्हार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम पश्चात उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से फीडबैक लिया गया, जिसमें सभी ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक सराहनीय एवं उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ व्याख्याता महादेव यादव द्वारा आभार व्यक्त किया गया।


