केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुंगेली के ग्राम बुधवारा में आगर नदी पर एनीकट निर्माण का किया भूमिपूजन
3 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से सिंचाई, भू-जल संवर्धन और आवागमन को मिलेगा लाभ

अभय न्यूज मुंगेली,
मुंगेली विकासखंड के ग्राम बुधवारा में आगर नदी पर प्रस्तावित लगभग 3 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाला 60 मीटर लंबा एनीकट निर्माण का भूमिपूजन आज केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा किया गया। यह एनीकट क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए बहुआयामी लाभ लेकर आएगा।
एनीकट के निर्माण से ग्राम बुधवारा एवं दुल्लापुर के मध्य सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा, साथ ही दोनों गांवों के बीच की दूरी भी कम होगी। इसके अतिरिक्त, गर्मी के मौसम में भू-जल रिचार्ज को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्राम सेमरकोना से अमरटापू तक जल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने कहा कि एनीकट निर्माण से बुधवारा एवं आसपास के गांवों में पानी की स्थायी उपलब्धता, सिंचाई रकबे में विस्तार तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह परियोजना किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, सहित जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता हेमेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि एनीकट के निर्माण से लगभग 41 हेक्टेयर रबी एवं 41 हेक्टेयर खरीफ फसलों के सिंचित क्षेत्र में वृद्धि होगी।

