ठंड लौटी, पारे ने लगाया गोता

रात का तापमान 6 डिग्री पहुंचा, सीजन की सबसे सर्द रात
उज्जैन : पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी और उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते ठंड फिर लौट आई है। बर्फीली हवाओं का असर यह रहा कि रविवार को शहर में दिन का तापमान सामान्य से साढ़े पांच डिग्री तक गिर गया। जिससे जबर्दस्त ठिठुरन रही। वहीं रात के तापमान ने भी गोता लगाया और पारा 6 डिग्री पर पहुंच गया जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है।
दरअसल, इस बार देरी से आई सर्दी अपने तल्ख तेवर दिखा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है और 6 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चल रही है ंजिससे चुभनभरी ठंड का अहसास हो रहा है। सोमवार को इस सीजन की सबसे सर्द रात रही और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, सुबह आसमान साफ रहा और धूप भी खिली लेकिन सर्द हवाओं ने शहरवासियों को कंपकंपा दिया। दिनभर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डाॅ. राजेंद्र प्रसाद गुप्त ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जिसकी वजह से तेज बर्फबारी हो रही है। अभी दो-तीन दिन तक इसी तरह तापमान में गिरावट रहेगी।