26 जनवरी को भारतीय सेना करेगी शक्ति का प्रदर्शन

गणतंत्र दिवस में केवल तीन दिन बचे हैं, ऐसे में देश में गणतंत्र दिवस के जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर पर भारत विशेष बलों और देश में निर्मित मिसाइल शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
हालांकि 26 जनवरी से पहले राजधानी दिल्ली (Delhi) में कर्तव्य पथ पर भारत की सैन्य शक्ति के साथ साथ सांस्कृतिक विविधताओं की झलक देखने को मिली। सोमवार को कर्तव्य पथ (Kartavaya Path) पर फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इस बीच मिस्र सेना (Egyptian Army) की एक सैन्य टुकड़ी ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
मिस्र की सैन्य टुकड़ी (Egyptian military contingent) ने सोमवार को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के लिए ड्रेस रिहर्सल में हिस्सा लिया। इस बार मिस्र सेना की टुकड़ी भी 26 जनवरी को भारत की गणतंत्र दिवस परेड में मार्च करने वाली है। मिस्र की सैन्य टुकड़ी में परेड में 144 जवान भाग लेंगे।
बता दें कि इस बार मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी भारत के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ 5 मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों समेत एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। अब्देल फतह अल-सिसी 24 जनवरी को नई दिल्ली आने वाले हैं। अल-सीसी 24 से 26 जनवरी तक भारत यात्रा पर रहेंगे, जिस दौरान वह गणतंत्र दिवस परेड भी देखेंगे।