
Rajasthan : राजस्थान में कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने और विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले सीएम अशोक गहलोत ने बड़ी घोषणा की है। जिससे आम जनता को काफी राहत मिलेगी।
दरअसल, सीएम अशोक गहलोत ने आगामी 1 अप्रेल से गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया है। यह घोषणा गेहलोत में सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा के तहत अलवर जिले के मालाखेड़ा में आयोजित जनसभा में की है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सीएम अशोक गहलोत ने बड़ा चुनावी दांव खेलते हुए जिस मंच से यह घोषणा की उस पर राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे।
बता दें, गहलोत की इस घोषणा को राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उनका बड़ा दांव माना जा रहा है। गहलोत ने यह घोषणा ऐसे समय में की है जब राजस्थान सरकार कई मोर्चों पर विपक्ष के निशाने पर है। इस दौरान केन्द्र सरकार पर भी उन्होंने जमकर निशाने साधे है। जिसके बाद से प्रदेश में सियासत और गर्माने के पुरे आसार है।