इंदौर से अपह्त नाबालिग उज्जैन में मिली, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण
इंदौर :- इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र से अपह्त नाबालिग उज्जैन में मिली है। उसे ले जाने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने अपहरण के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग के अपहरण की शिकायत उसके पिता ने की थी। पिता ने एक युवक पर किशोरी को ले जाने की आशंका जताई थी।
दरअसल किशोरी हिमाचल प्रदेश के कांकड के रहने वाले अश्विनी कुमार पिता सुभाष ठाकुर के संपर्क में थी। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। किशोरी के जन्मदिन पर 14 फरवरी को अश्विनी इंदौर आया था और एक होटल में रुका था। उसने किशोरी को होटल में मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान उसने किशोरी से संबंध भी बनाए थे। होटल से बाहर आते समय किशोरी को उसकी बहन ने देख लिया था और इसकी जानकारी पिता को दी थी। इसके बाद पिता ने किशोरी का मोबाइल ले लिया था।
हालांकि बाद में पिता ने किशोरी को मोबाइल दे दिया था। घर से निकली किशोरी ने पिता को अपने जाने की जानकारी दी तो वह तत्काल थाने पहुंचे। पुलिस जब रिपोर्ट दर्ज कर रही थी, तब किशोरी ने मोबाइल बंद कर लिया। किशोरी की लास्ट लोकेशन उज्जैन रेलवे स्टेशन की मिली। ऐसे में इंदौर पुलिस ने उज्जैन पुलिस से संपर्क किया और किशोरी और युवक दोनों को हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।