बाबा महाकाल की शरण में ‘धृतराष्ट्र’

अपनी आगामी फिल्म की सफलता की कामना लेकर पहुंचे उज्जैन
उज्जैन :- छोटे पर्दे के धृतराष्ट्र शुक्रवार को भगवान महाकाल की शरण में पहुंचे। उन्होंने तड़के भस्मारती में भाग लिया और फिर गर्भगृह में पहुंचकर बाबा का पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी आगामी फिल्म की सफलता की कामना की।
14 सीरियल और साउथ की 15 फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह शुक्रवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। भस्मारती में शामिल होने के बाद उन्होंने अन्य मंदिरों के दर्शन किए और अपनी आगामी फिल्म की सफलता की कामना की। अनूप सिंह दूसरी बार श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। वे अब तक महाभारत, चंद्रगुप्त मौर्य, अकबर बीरबल, सीआईडी जैसे प्रमुख टीवी शो में किरदार निभा चुके हैं लेकिन उन्हें महाभारत में धृतराष्ट्र के किरदार से पहचान मिली। वे बॉलीवुड फिल्म कमांडो 2 में एक्टर विद्युत जामवाल के अपोजिट नजर आ चुके हैं। मंदिर से बाहर उन्होंने मीडिया से चर्चा भी की।