मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने किया विभिन्न निजी हॉस्पिटल का निरिक्षण

अभय न्यूज मुंगेली,
छ.ग.राज्य उपचर्यागृह रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन नियम 2013 अंतर्गत दिनांक 01.04. 2026 को जिला स्तरीय निरीक्षण टीम डॉ. शीला साहा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मुंगेली, डॉ. कमलेश खैरवार, जिला नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट, डॉ. प्रशांत सिंग ठाकुर, प्रभारी अधिकारी जिला आयुर्वेद अधिकारी के द्वारा निम्नानुसार संस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
कंचन क्लीनिक लोरमी के निरीक्षण के दौरान संस्था द्वारा क्लीनिक के लाइसेंस पर 06 बिस्तर अस्पताल संचालित किया जाना पाया गया। संबंधित संस्था को पिछले छः माह से उपरोक्त संबंध में सुधार हेतु निर्देश दिये गये थे, परंतु संचालक द्वारा निर्देशों का पालन नहीं करते हुए नियम विरूद्ध 06 बिस्तर अस्पताल संचालित किया जा रहा था। संबंधित संस्था को नियमानुसार क्लीनिक सुचारू रूप से संचालित करने हेतु निर्देश दिया गया तथा अतिरिक्त संचालित बिस्तर को सीलबंद किया गया। जे.के. हॉस्पिटल लोरमी का निरीक्षण किया गया, अस्पताल के ओ.पी.डी. एरिया में जनरल वाशरूम महिला एवं पुरुष नहीं पाया गया तथा ड्यूटी डॉक्टर की उपस्थिति कम पाई गई। बिलासा केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल बोड़तराकला, लोरमी का निरीक्षण किया गया जहां बिलासा पब्लिक स्कूल भवन को अस्पताल बनाया जा रहा है, जिसका आधारभूत संरचना पूर्ण नहीं होने के कारण आवेदन निरस्त करते हुए आधारभूत संरचना पूर्ण होने पर नवीन आवेदन किये जाने का निर्देश दिया गया। इस बीच एम.सी.एच. हॉस्पिटल लोरमी, जे. के. सोनोग्राफी सेंटर, शांति पाठक सोनोग्राफी सेंटर, जायसवाल क्लीनिक लोरमी, प्रभा हॉस्पिटल लोरमी, सीएचसी लोरमी का निरीक्षण किया गया। समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं को नर्सिंग होम एक्ट नियमो का कड़ाई से पालन करने निर्देश दिये गये है।
