कलेक्टर ने किया निरीक्षण,अतिक्रमण के खिलाफ की गई सख्त प्रशासनिक कार्रवाई एक दुकान को किया गया सील

अभय न्यूज मुंगेली,
आज कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला मुख्यालय स्थित पड़ाव चौक से पंडरिया रोड का निरीक्षण कर अतिक्रमण एवं अनधिकृत रूप से सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर रखे गए सामानों को दुकान की अंदर रखने की समझाइश दी। जिले में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान को तेज कर दिया है। व्यापारियों को पूर्व में समझाइश देने के बाद अब प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों द्वारा अपने स्वामित्व की सीमा से बाहर सामान रखकर सड़क के हिस्से पर कब्जा किया गया है, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए दुकान के अंदर ही व्यापारिक सामग्री रखने के निर्देश दिए। कार्रवाई के तहत एक दुकान को नियमों की अनदेखी और बार-बार समझाइश के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर सील बंद किया गया।
कलेक्टर ने कहा कि जिले को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात दुर्घटनाएं हो रही हैं और इस संबंध में प्रशासन को निरंतर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। सड़क किनारे अनधिकृत रूप से रखे गए सामान से यातायात बाधित होता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई किसी के खिलाफ व्यक्तिगत रूप से नहीं, बल्कि शहर की व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के लिए की जा रही है। व्यापारियों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर को व्यवस्थित और सुगम यातायातयुक्त बनाया जा सके। यदि कोई दुकानदार नियमों का पालन नहीं करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरीलाल सिंह ठाकुर सहित राजस्व एवं नगर पालिका के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई और भविष्य में पुनः अतिक्रमण न हो इसके लिए नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर भी इसी तरह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाकर स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण प्रदान करना है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

