सिंधिया को केंद्रीय मंत्री का पद और सफदरगंज का बंगला चाहिए था इसलिए वो भाजपा में गए

नजरपुर में प्रेसवार्ता में बोले पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश
उज्जैन : भारत जोड़ो यात्रा गुरूवार को उज्जैन के समीप सुरासा से सुबह 6 बजे शुरू हुई और 13 किलोमीटर का सफर तय कर नजरपुर पहुंची। यहां सुबह 11.30 बजे हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में यात्रा के कम्यूनिकेशन हेड एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश और मप्र के पूर्व वित्त मंत्री तरूण भनोत हमलावर नजर आए। दोनों नेताओं ने जहां मप्र की शिवराज सरकार को आड़े हाथ लिया गया, वहीं कांग्रेस को छोड़कर गए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी निशाना साधा।
दरसअल, जयराम रमेश ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को कैबिनेट मंत्री और सफदर गंज का बंगला चाहिए था इसलिए वो भाजपा में गए। इसके अलावा उनके पास कांग्रेस छोड़ने की कोई वजह नहीं थी। इतना ही नहीं रमेश ने खराब सड़कों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी सड़कों पर चलना काफी मुश्किल हो रहा है फिर भी यात्रा सक्सेस हो रही है।
वहीं मध्यप्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री तरूण भनोत ने शिवराज सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अत्याचार और भ्रष्टाचार में नंबर वन है। मप्र की सड़कें अमेरिका से बेहतर हैं के सवाल पर उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह ऐसा मानते हैं लेकिन सच्चाई आपके सामने है। यहां करप्शन है लेकिन सड़कें नहीं हैं।
इसके अलावा उन्होंने 2023 में मध्यप्रदेश और 2024 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने की बात भी कही। आपको बताते चलें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में आज नौवां दिन है। सुरासा से सुबह 6 बजे चली यात्रा नजरपुर में लंच ब्रेक के लिए रूकी। आज राहुल के साथ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी चल रही हैं।